बलौदा बाजार जिले में पेट्रोल-डीजल संकट गहराया, प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल
बलौदा बाजार। बलौदा बाजार जिले में पेट्रोल और डीजल की भारी किल्लत ने अब आम लोगों की परेशानी को गंभीर संकट में बदल दिया है। जिले के कई पेट्रोल पंपों में ईंधन खत्म होने की स्थिति बन चुकी है, जबकि जिम्मेदार विभाग और प्रशासन अब तक केवल तमाशबीन बने हुए नजर आ रहे हैं। विशेष रूप से ग्राम हिलनी एवं ग्राम सुहेला के पेट्रोल पंपों में हालात बेहद खराब बताए जा रहे हैं। लोग घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं। रोजमर्रा के काम, खेती-किसानी, व्यापार और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं, लेकिन व्यवस्था सुधारने की दिशा में कोई ठोस कदम दिखाई नहीं दे रहा। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते ईंधन आपूर्ति की उचित व्यवस्था नहीं की गई तो स्थिति और भी बिगड़ सकती है। लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर जिले में इतनी बड़ी समस्या के बावजूद प्रशासन अब तक गंभीरता क्यों नहीं दिखा रहा है। क्षेत्रवासियों ने तत्काल पेट्रोल-डीजल आपूर्ति सामान्य करने, अतिरिक्त स्टॉक उपलब्ध कराने और आम जनता को राहत देने की मांग की है।