जमीन फाइल बनी विवाद की जड़, विधायक समर्थकों पर तहसीलदार से मारपीट का आरोप


 Ash Kumar Sahu 

सरगुजा। सरगुजा जिले के सीतापुर इलाके में एक नायब तहसीलदार और भाजपा विधायक के बीच विवाद ने तूल पकड़ लिया है। मामला राजापुर उप तहसील कार्यालय का बताया जा रहा है, जहां जमीन संबंधी फाइल को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया।

जानकारी के अनुसार, राजापुर में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर दुर्व्यवहार एवं मारपीट का आरोप लगाया है। तहसीलदार का कहना है कि कार्यालय में उनके साथ धक्का-मुक्की की गई और कपड़े तक फाड़ दिए गए।



बताया जा रहा है कि विधायक की रिश्तेदार सीमा धनकी अपनी जमीन से जुड़े कार्य को लेकर कई दिनों से कार्यालय के चक्कर लगा रही थीं। आरोप है कि बुधवार को फाइल पर हस्ताक्षर कराने के दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस हो गई। इसी दौरान नायब तहसीलदार द्वारा कथित रूप से फाइल फेंकने और महिला को कार्यालय से बाहर जाने कहने की बात सामने आई।

घटना की सूचना मिलने के बाद विधायक समर्थक उप तहसील कार्यालय पहुंच गए। वहीं शाम को विधायक रामकुमार टोप्पो ने नायब तहसीलदार को दोबारा राजापुर बुलाया, जहां एसडीएम फगेश सिन्हा की मौजूदगी में बातचीत हुई। लेकिन चर्चा के दौरान विवाद और बढ़ गया।

नायब तहसीलदार की शिकायत पर पुलिस ने विधायक रामकुमार टोप्पो समेत करीब 10 लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। दूसरी ओर विधायक पक्ष की शिकायत पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक के खिलाफ भी केस दर्ज हुआ है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने अधिकारियों से पूरी रिपोर्ट तलब की है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच में जुटी हुई है।

Comments

Popular posts from this blog

बिटकुली में शासकीय भूमि पर दबंगई? ग्रामीणों का खुला ऐलान – अब आर-पार की लड़ाई

आस्था और परंपरा का प्रतीक बना वट सावित्री पति की लम्बी आयु एवं परिवार की सुख-समृद्धि के लिए सुहागिन नें रखा व्रत

नहर नाली विस्तारीकरण हेतु अवैध कब्जों पर कार्रवाई चली बुलडोज़र