सिमगा–बलौदाबाज़ार मार्ग की बदहाल सड़क को लेकर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना का सांकेतिक चक्का जाम
सुहेला। 17 जुलाई 2026। सिमगा–बलौदाबाज़ार मुख्य मार्ग की जर्जर हालत को लेकर क्षेत्रीय संगठन छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के नेतृत्व में सुहेला में सांकेतिक चक्का जाम किया गया। इस आंदोलन में संगठन के प्रदेश पदाधिकारी, स्थानीय पदाधिकारी, सैकड़ों कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक शामिल हुए। आंदोलन को शिवसेना के स्थानीय पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का भी समर्थन मिला।
आंदोलनकारियों का कहना है कि सिमगा–बलौदाबाज़ार मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। सड़क की हालत अत्यंत खराब होने के कारण राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है। संगठन का दावा है कि पिछले एक वर्ष में इस मार्ग पर लगभग 300 सड़क दुर्घटनाएं, चोटिल होने और अन्य हादसों की घटनाएं सामने आई हैं।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि इस सड़क के निर्माण एवं सुधार का टेंडर लगभग एक वर्ष पहले हो चुका है, लेकिन अब तक न तो मरम्मत कार्य शुरू किया गया है और न ही गड्ढों की भराई जैसी अस्थायी व्यवस्था की गई है। इससे आम जनता में लगातार नाराजगी बढ़ रही है।
आंदोलन के दौरान वक्ताओं ने यह भी कहा कि इस क्षेत्र में न्यूवोको, श्री सीमेंट और अल्ट्राटेक जैसी बड़ी सीमेंट कंपनियों की कई इकाइयां संचालित हैं। इसके बावजूद इस महत्वपूर्ण मार्ग की लगातार उपेक्षा किए जाने से क्षेत्रवासियों में असंतोष है।
आंदोलन के बाद प्रशासन की ओर से अक्टूबर तक सड़क निर्माण एवं सुधार कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिए जाने की जानकारी संगठन ने दी। हालांकि छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने स्पष्ट किया कि यदि अक्टूबर तक कार्य प्रारंभ नहीं होता है तो संगठन चरणबद्ध एवं व्यापक आंदोलन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने एक स्वर में कहा कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार की असुविधा पैदा करना नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और बेहतर सड़क उपलब्ध कराना है। उन्होंने शासन से शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कर जनता को राहत देने की मांग की।

Comments
Post a Comment