होली मिलन समारोह झांय झिपिंग का तीन साल बाद आयोजन

महासमुंद मार्च 2023। जिला मुख्यालय स्थित टाउनहाल में कोविड के तीन साल बाद एक बार फिर से होली मिलन समारोह झांय झिपिंग का आयोजन हुआ। दर्शकों से खचाखच भरे इस कार्यक्रम में सैकड़ों लोग शामिल हुए और हास्य व्यंग का आनंद लिया। इस दौरान सांसद चुन्नी लाल की चेप्टी, विमल की दाऊलाल मोर आदमी हरय, राशि महिलांग की कौन त्रिभुवन, दाऊलाल जी की का करंव मोर तो घरो गै अउ बाहिरो गै ने श्रोताओं को लोटपोट कर दिया.

हास्य व्यंग के पूरे दौर में महासमुंद विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष डा. रश्मि चंद्राकर और भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी की अनुपस्थिति पर भी व्यंग बाण चलाए गए। कार्यक्रम के शुरू से आखिर तक यही चर्चा रही कि तीनों की अलग से झांय झिपिंग कार्यक्रम चालू है। उपस्थित सांसद चुन्नी लाल साहू, पूर्व विधायक डाक्टर विमल चोपड़ा, नपाध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग, पूर्व नपाध्यक्ष पवन पटेल, विधायक प्रतिनिधि दाऊलाल चंद्राकर, कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर और एसपी धर्मेंद्र सिंह ने होलियाना अंदाज में दर्शकों को खूब गुदगुदाया. 


हास्य कवियों आलोक शर्मा, मनोज शुक्ला, गुणी राम वर्मा और तीन बौने कलाकारों नेहरू, आशाराम, नारायण ने भी मंच में गजब का समां बांधा। मालूम हो कि कोविड काल में लगातार तीन सालों तक महासमुंद में यह कार्यक्रम आयोजित नहीं हो सका था। अतः कल महासमुंद मुख्यालय में रहने वाले लोगों ने रंग पर्व होली की शाम आयोजित इस कार्यक्रम में भारी तादाद में हिस्सा लिया. 

कार्यक्रम की शुरुआत में गधा पूजा के बाद जैसे ही संचालक संजय शर्मा ने उपस्थित जनों से कहा कि सभी अपने अपने स्थान पर खड़े हो जाएं और मोबाइल वगैरह साइलेंट कर लें। सभी ने तत्काल खड़े होकर मोबाइल साइलेंट किया और सावधान की मुद्रा में खड़े हुए। तभी झांय झिपिंग की घोषित गीत तूने मारी एंट्रियां रे दिल में बजी घंटियां गाने बजी। उपस्थित लोगों ने इस पर पहला ठहाका लगाया।


कार्यक्रम का संचालन कर रहे पार्षद संजय शर्मा ने सर्वप्रथम तीन बौने कलाकारों नेहरू, नारायण और आशाराम को मंच पर बुलाकर डांस के लिए आमंत्रित किया। इसके बाद मंच में कलेक्टर क्षीरसागर को आमंत्रित किया गया। बाद में अतिथि एक के बाद एक मंच पर आसीन होते रहे।


अतिथियों के स्वागत में प्रेरणा महिला मंच अध्यक्ष राजश्री ठाकुर, शिक्षिका सरिता तिवारी,मधु शर्मा, तारा चंद्राकर, तारिणी चंद्राकर और प्रेस क्लब अध्यक्ष उत्तरा विदानी ने गधे की तस्वीर बनी मुकुट, माला पहनाकर अतिथियों का स्वागत किया। पवन पटेल ने तो पूरी घाघरा चुनरी पहन ली और आखिर तक वे इसी वेशभूषा में रहे।


हास-परिहास के इस कार्यक्रम में अतिथियों की वेशभूषा देखकर लोग ठहाके लगाते रहे। मुख्य अतिथि सांसद चुन्नी लाल साहू अपने चर्चित शैली में ही नजर आए। उन्होंने बड़े ही सहजता से होलियाना अंदाज में अपनी बातों से लोगों को हंसाया। 

इस तरह झांय-झिपिंग होली मिलन समारोह इस बार भी पूरे उत्साह से आहुत हुआ। समारोह में हास्य व्यंग्य की बौछार से ठहाकों की गूंज सभागार व सभागार के बाहर तक लगातार गूंजती रहीं। लोगों ने इस गुदगुदाने वाले आयोजन का भरपूर आनंद उठाया।


कल होली की शाम 6 बजे से टाउन हाल बनाम डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी सभागार में झांय-झिपिंग कार्यक्रम में कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही सभी सीटें खचाखच भर चुकी थी। लोग खड़े रहकर भी कार्यक्रम देखने में रमे रहे। 

 

बताना जरूरी है कि डॉ. विमल चोपड़ा झांय झिपिंग कार्यक्रम के परमानेंट ओर एकमात्र गधे हैं, जो आमंत्रण पर आसानी से कार्यक्रम में आने के लिए अपनी सहमति दे देते हैं। कल भी डा.विमल चोपड़ा अपने पुराने अंदाज में मंच पर पहुंचे और लगातार उत्तर प्रतिउत्तर देकर लोगों को हंसाते रहे। जबकि वरिष्ठ कांग्रेसी दाऊलाल चंद्राकर कल सुनहरे रंग की टी-शर्ट पहनकर पहुंचे थे।



इस दौरान डॉ. चोपड़ा ने कहा कि कांग्रेस नेता दाऊलाल की वजह से ही उनकी विधानसभा में जीत हुई थी, क्योंकि दाऊलाल जिधर भी रहते हैं, उनका नेता हारता ही है। 



दाऊलाल चंद्राकर ने इस बार खुद का जीवन परिचय कराया और अपनी शादी की हकीकत बयां कर गये। हास्य जीवन परिचय के बीच उन्होंने कई लोगों पर निशाना साधा। जिससे लोग अपनी हंसी रोक नहीं पाए। नगरपालिका अध्यक्ष राशि महिलांग ने इस हास्य मंच के बहाने मंचस्थ सभी अतिथियों पर हास्य व्यंग के बाण छोड़े।


कार्यक्रम के दौरान मंच संचालक शर्मा ने मंच पर बैठे अतिथियों को आड़े-तिरछे सवालों से उलझाया। जिसका जवाब सुनकर लोगों की हंसी रुक नहीं पाई।


चूंकि महासमुंद कलेक्टर नाटे कद काठी के हैं। लिहाजा मंच में उन्हें ईंटों के ऊपर खड़े होकर बात रखने कहा गया। उन्होंने बड़ी सादगी से ईंटों पर खड़े होकर कहा कि हमारे महाराष्ट्र में बिट्ठल भगवान की एक मूर्ति है जो ईंटों पर खड़ा है। उनकी इस लाइन ने देर तक तालियां बटोरी। कलेक्टर क्षीरसागर कल होलियाना अंदाज में ही सपत्निक पहुंचे थे। 


इसके बाद कवि सम्मेलन का दौर शुरू हुआ। कवि सम्बीका संचालन व्याख्याता सुरेंद्र मानिकपुरी और टेकराम सेन ने की। राजनांदगांव से पहुंचे हास्य कवि मनोज शुक्ला, छुईखदान से पहुंचे कवि गुणी राम वर्मा और भिलाई से पहुंचे कवि आलोक शर्मा ने श्रोताओं को अपनी कविताओं से खूब गुदगुदाया।

कवि सम्मेलन में हास्य के खूब तीर चले। हर वर्ष की तरह ही इस बार भी झांय-झिपिंग का होली मिलन आयोजन उल्लासपूर्ण वातावरण में पूरी गरिमा के साथ रात 10 बजे जारी रहा। 


नगर पालिका के संयोजन में आयोजित इस झांय-झिपिंग को सफल बनाने में आयोजन समिति के पदाधिकारी राशि त्रिभुवन महिलांग, पवन पटेल, संजय शर्मा, प्रलय थिटे, अशोक शर्मा, प्रमोद तिवारी, दाऊलाल चंद्राकर, अजय थवाईत, सुरेंद्र मानिकपुरी, टेकराम सेन आदि जुटे रहे।


गौरतलब है कि तत्कालीन कलेक्टर शिवकुमार तिवारी के कार्यकाल में वर्ष 2005 से झांय-झिपिंग का आयोजन हर वर्ष होली के दिन आयोजित होता आ रहा है। इस तरह कोरोना काल को छोड़कर यह पंद्रहवां आयोजन है। लोगों ने इस आयोजन की जमकर सराहना की।

Comments

Popular posts from this blog

स्वच्छ ग्राम बिटकुली को जबरन कचरा डंपिंग ज़ोन में बदलने की साजिश – प्रशासन मौन क्यों?

कांग्रेसियों का कायराना हरक़त जगजाहिर

बागबाहरा बी.एल. ज्वेलर्स चोरी का खुलासा 24 घंटे के अंदर 02 अन्तर्राज्यीय चोर गिरफ्तार